15 साल से सड़क टूटी, बिजली पोल से तार लटके:पानी की सप्लाई लाइन लंबे समय से बंद, शाजापुर में लोगों ने सौंपा ज्ञापन

शाजापुर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 27 के रहवासियों ने शुक्रवार शाम नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) भूपेंद्र कुमार दीक्षित के नाम एक ज्ञापन सौंपा। बताया गया कि वार्ड 27 की सड़कें पिछले करीब 15 वर्षों से जर्जर और टूटी हुई हालत में हैं। सड़कों की इस खराब स्थिति की वजह से लोगों को रोज आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण समस्या और भी ज्यादा गंभीर हो जाती है। लटके बिजली के तारों से बना रहता है खतरा वार्ड वासियों ने बिजली की समस्या को लेकर भी नाराजगी जताई। वार्ड में अभी तक बिजली के खंभे (विद्युत पोल) नहीं लगाए गए हैं, जबकि कई घरों में अस्थायी कनेक्शन स्वीकृत हैं। पोल न होने के कारण बिजली के तार असुरक्षित तरीके से लटके हुए हैं, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता है। निवासियों ने जल्द पोल लगाकर स्थायी कनेक्शन देने की मांग की है। बंद पड़ी जलप्रदाय लाइन को शुरू करने की अपील ज्ञापन में पेयजल संकट का भी मुद्दा उठाया गया। वार्ड की पानी की सप्लाई लाइन लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे पीने के पानी की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। लोग निजी जल स्रोतों पर निर्भर हैं, जो सेहत के लिए भी ठीक नहीं है। रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क बनवाने, बिजली के खंभे लगाने और पानी की सप्लाई लाइन को तुरंत चालू करने की जोरदार मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *