15.62 लाख के टैक्स की गड़बड़ी में एक निलंबन, बाकी पर साधी चुप्पी

सिटी रिपोर्टर | बिलासपुर छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा की ऑडिट रिपोर्ट में नगर निगम बिलासपुर के जोन-02 तिफरा में 15 लाख 62 हजार 654 रुपए की वित्तीय गड़बड़ी उजागर होने के बाद निगम प्रशासन ने सहायक राजस्व निरीक्षक रामनारायण देवांगन को निलंबित कर दिया है। हालांकि मामले में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे पूरे प्रकरण पर सवाल उठ रहे हैं। ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच वसूले गए संपत्ति कर, समेकित कर और यूजर चार्ज की पूरी राशि निगम के निधि खाते में जमा नहीं की गई। वसूली और जमा राशि के बीच अंतर पाया गया, जिससे लाखों रुपए की अनियमितता सामने आई। प्रारंभिक कार्रवाई में केवल एक कर्मचारी को जिम्मेदार ठहराया गया है, जबकि जानकारों का कहना है कि इतनी बड़ी राशि की गड़बड़ी बिना मिलीभगत के संभव नहीं है। निगम प्रशासन ने विभागीय जांच के लिए 90 दिन का समय निर्धारित किया है। सामान्य सभा में मेयर पूजा विधानी ने आश्वासन दिया है कि 90 दिन के भीतर जांच पूरी कर अन्य दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सूत्रों के मुताबिक जांच की फाइल फिलहाल ठंडे बस्ते में है और प्रकरण को दबाने की कोशिश की जा रही है। निष्पक्ष और व्यापक जांच होने पर अन्य अधिकारियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *