रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर आयोजित निर्मल दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र संत शिरोमणि संत गाडगे बाबा का स्वच्छता ही सच्ची पूजा का संदेश आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा की प्रेरणा से देश में स्वच्छता के प्रति व्यापक जागरूकता आई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 अगस्त 2014 को प्रारंभ किए गए स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है। शौचालय निर्माण से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं-बहनों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी पहलों से गरीबों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। अब सरकारी योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और व्यवस्था में विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प भी दोहराया। प्रदर्शनी, विमोचन और सम्मान कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, उनकी आरती एवं स्मारिका का विमोचन किया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायकगण, पद्मश्री सम्मानित अतिथि, संत गाडगे बाबा के वंशज तथा समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


