बाजरे का खिचड़ा, गुलाब जामुन, इमरती, लापसी, जलेबी, लड्डू, पेड़े, रसगुल्ला, रबड़ी…मिठाई से आगे अब चाट की बारी है। फ्रूट चाट मसाला, डोसा, इडली, सांभर, चाट पापड़ी, टिकिया, गोलगप्पे, चाऊमीन, स्प्रिंग रोल, मन्चुरियन, इनके अलावा दाल, चावल, रोटी, पूड़ी, सब्जी, रायता, 4 सब्जियां, चटनी, दही बड़ा, छोले भटूरे, दही भल्ले सहित और भी खाने के कई आइटम। ये किसी 5 स्टार होटल का मेन्यू नहीं है, सब पकवान आपको हाथ जोड़कर बुलाए जाने के बाद खाटूश्यामके लक्खी मेले में लगे एक भंडारे में खिलाए जा रहे हैं। रींगस से खाटू मार्ग पर तोरण द्वार से 1.5 किमी. पहले लगे इस भंडारे में नाश्ता-खाने के अलावा फ्री मेडिकल सुविधा और सुस्ताने के लिए व्यवस्था भी जोरदार है। हजारों भक्त ले रहे प्रसादी भंडारे के संचालक मुकेश शर्मा हरियाणा के गुड़गांव से विधायक हैं। भंडारे में रोजाना नए पकवान बन रहे हैं। जो सब्जी-दाल एक बार बन जाती है, वो दोबारा नहीं बनती। हजारों की संख्या में श्याम भक्त लगातार प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। हर पकवान के लिए संबंधित एक्सपर्ट हलवाई को जिम्मा दिया है, वहीं मेडिकल टीम पैदल चलकर आए श्याम भक्तों के मरहम लगाने और एक्यूप्रेशर थैरेपी देने का काम कर रही है। भक्तों के आराम करने की भी व्यवस्था भंडारे में एंट्री करते ही पानी की स्टॉल है। अंदर जाने पर दाएं-बाएं स्टॉल्स हैं। दाईं ओर की स्टॉल्स पर दही बड़ा, पापड़ी चाट और गोलगप्पे खिलाए जा रहे हैं। बाईं साइड में जलेबी, लड्डू, 3 तरह की सब्जी खिलाई जा रही है। जरा सा आगे बढ़ने पर फ्रूट चाट का काउंटर है। फिर मुख्य टैंट में दाईं साइड में मेडिकल टीम का काउंटर है। इसके बाद अंदर श्याम भक्तों के आराम करने की व्यवस्था की गई है। यहीं पर भंडारे में रूकने वाले लोगों के लिए 2 काउंटर पर खाने की और एक काउंटर पर पूरी चाट तैयार हो रही है। भंडारे में बाबा श्याम के भजनों पर भक्त झूम रहे हैं। 31 साल से लग रहा भंडारा गुड़गांव विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि खाटू के श्याम उनके आराध्य देव हैं। पिछले 31 साल से यहां भंडारा लगा रहे हैं। मेले से पहले गुड़गांव से पैदल चलकर खाटू पहुंचते हैं और बाबा श्याम के दर्शन करके भंडारा शुरू करते हैं। रोजाना लाखों लोग भंडारे में प्रसादी ले रहे हैं। करीब 65 हलवाई लगे हैं विधायक मुकेश शर्मा के भाई काले शर्मा ने बताया कि भंडारे के पकवान तैयार करने के लिए करीब 65 हलवाई लगे हुए हैं। रोजाना अलग तरह के पकवान तैयार होते हैं। श्रद्धालु ही यहां सेवादार हैं, कोई श्रद्धालु यहां खाने की स्टॉल पर खाना परोस रहा है तो कोई आने-जाने वालों को पानी पिला रहा है। पूरा परिवार श्याम बाबा के भंडारे में सेवाएं दे रहा है। मुकेश शर्मा के बेटे अंशुल शर्मा ने बताया कि 31 साल पहले चाय-पकौड़े से शुरूआत की थी। आज यहां 150 तरह के पकवान बन रहे हैं। एक बीघा में हलवाई पकवान तैयार कर रहे हैं। एक बार में करीब 200 लोग खाना परोसने का काम कर रहे हैं। 14 फरवरी से शुरू हुआ भंडारा 28 फरवरी तक चलेगा। मेले में हरियाणा के मंत्री-विधायक भी पहुंच रहे हैं। 14 फरवरी से लग रहा भंडारा भंडारे में सेवादारों के रूप में शर्मा परिवार और गुड़गांव के कार्यकर्ताओं की टीमें लगी हुई हैं। ये सब लोग 8 फरवरी को गुड़गांव से श्याम बाबा की पैदल यात्रा के लिए रवाना हुए और 13 फरवरी को खाटू पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए। इसके बाद भंडारा शुरू हो गया।


