18 दिसम्बर से शुरू होगी मूंगफली की सरकारी खरीद:किसानों को मिलेगा 6783 रुपए प्रति क्विंटल, केंद्र पर बारदाना की रहेगी व्यवस्था

राजस्थान राज्य सहकारी क्रय विक्रय संघ की ओर से हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर शुरू किए गए खरीद केंद्र पर बुधवार से मूंगफली की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद शुरू की जाएगी। मूंगफली की सरकारी खरीद के लिए समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एमएसपी 6783 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से मूंगफली की खरीद होगी। खरीद केंद्र पर बारदाना की व्यवस्था कर ली गई है। प्रत्येक बैग में 35 किलोग्राम मूंगफली भरी जाएगी। प्रत्येक किसान से 5 क्विंटल 8 किलोग्राम प्रति बीघा के हिसाब से अधिकतम 40 क्विंटल मूंगफली की खरीद करने का प्रावधान है। राजस्थान राज्य सहकारी क्रय विक्रय संघ हनुमानगढ़ के प्रभारी सुभाष श्योराण ने बताया कि मूंगफली की खरीद के लिए अभी तक समिति में 27 टोकन जारी हुए हैं। इन सभी किसानों को मूंगफली खरीद की डेट दी जा चुकी है। जिन किसानों को डेट आवंटित हुई। उन किसानों से मूंगफली के सैम्पल मंगवाकर उनकी जांच की जा रही है। मूंगफली में 68 से 70 प्रतिशत दाना होना जरूरी है। इसके अलावा 8 प्रतिशत नमी निर्धारित है। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ में पहली बार मूंगफली की एमएसपी 6783 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीद हो रही है। पहले रावतसर और नोहर में मूंगफली की सरकारी खरीद होती थी। इस बार हनुमानगढ़ में मूंगफली खरीद का नया केंद्र आवंटित किया गया है। बुधवार तक धानमंडी में समिति कार्यालय और दुकान नम्बर 80 के सामने मूंगफली की खरीद शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि किसान मूंगफली बेचने के लिए ई-मित्र पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। वर्तमान में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है। जब तक समिति का लक्ष्य पूरा नहीं होता, तब तक मूंगफली उत्पादक किसान रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *