कोंडागांव में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने 8 अप्रैल को भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत मंगल पांडे की पुण्यतिथि मनाई। परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंगल पांडे के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन किया गया। बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने कहा कि मंगल पांडे ब्रिटिश शासन के खिलाफ आवाज उठाने वाले पहले सिपाही थे। उनके बलिदान से ही 1857 की क्रांति की शुरुआत हुई। यह क्रांति बाद में एक संगठित स्वतंत्रता आंदोलन में बदल गई। जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने कहा कि मंगल पांडे के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें देशसेवा का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, अन्य पदाधिकारी और निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा-युवतियां मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने मंगल पांडे अमर रहें और भारत माता की जय के नारे लगाए। सभी ने देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।


