बिहार से लखनऊ भेजी गई ड्रग्स की खेप के मामले में जीआरपी ने 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसमें से दो तस्कर लखनऊ के और एक हरदोई का रहने वाला है। कैंपल रोड और बुद्धेश्वर चौराहे से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बिहार से कम दाम पर ड्रग्स खरीद कर लखनऊ समेत यूपी के कई शहरों में खपाने का काम करते थे। 14 नवंबर को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर ड्रग्स की खेप पकड़ी गई थी। आरपीएफ क्राइम ब्रांच, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में 1 करोड़ 93 लाख रुपए की ड्रग्स बरामद हुई थी। इसके बाद से आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 5 पैकेट लेकर हो गए थे फरार बिहार से चारबाग स्टेशन पर पहुंची ड्रग्स की खेप में से 5 पैकेट लेकर आरोपी भाग गए थे, जिसे उन्होंने खपा दिया। इस दौरान मौके पर सिर्फ 38 पैकेट बरामद हुई थी। गिरफ्तार तस्करों में मोहम्मद इलियाश निवासी रिफा कॉलोनी थाना ठाकुरगंज, श्यामू गुप्ता उर्फ नागेन्द्र नाथ गुप्ता निवासी हर्ष नगर थाना पारा और सुलखान सिंह उर्फ सोनू सिंह निवासी ग्राम मोहम्मदपुर गहिरा थाना संडीला को पकड़ा गया है। इन बदमाशों को कैंपल रोड और बुद्धेश्वर चौराहे से पकड़ा गया है। ऑक्सीटोसिन बनाने के साथ बेचने का करते हैं काम आरोपी ऑक्सीटोसिन बनाने के साथ बेचने का काम करते हैं। पूछताछ में पता चला कि बिहार में कम दामों पर ऑक्सीटोसिन खरीद कर ट्रेन के माध्यम से लखनऊ में और आस-पास के जिलों में बेचते थे। क्योंकि यहां पर ऑक्सीटोसिन अवैध है।


