लुधियाना| शेरपुर इलाके में एक मोबाइल विक्रेता पर 4 बदमाशों ने फायरिंग कर दी। वारदात फौजी कॉलोनी मार्किट में शाम 8 बजे के करीब हुई है। हमले में घायल की पहचान विक्रांत पंडित उर्फ शक्ति (22) वासी गली नंबर 1, फौजी कॉलोनी के रूप में हुई है। आरोपी बाइक पर सवार होकर मार्केट में पहुंचे और कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर पैदल ही विक्रांत की दुकान तक आए। पहले उससे बातचीत की और फिर अचानक सिर पर गोली चला दी। गोली उसकी आंखों के ऊपर से छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।


