2 दिन पहले बीच-बचाव किया था, बदला लेने आए बदमाश

भास्कर न्यूज | बाड़मेर जिले के जैसार गांव में एक स्कूली छात्र का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। सोमवार को राउमावि. जैसार में 12 वीं बोर्ड का राजनीतिक विज्ञान विषय का पेपर था। सुबह 8 बजे बच्चों को स्कूल में एंट्री दी गई, 8:30 बजे पेपर शुरू होना था। इस दौरान 8:05 बजे एक बोलेरो कैंपर गेट के बाहर आकर रुकी और 12वीं में पढ़ने वाले 17 वर्षीय स्कूली छात्र का अपहरण कर गाड़ी में लेकर जाने लगे। इस दौरान कुछ ​शिक्षकों ने विरोध किया, लेकिन धमकियों व डर के कारण कोई नजदीक नहीं आया। स्कूल के अंदर से छात्र को 4 बदमाशों ने हाथ-पैर पकड़ घसीटते हुए करीब 100 मीटर दूर गेट के बाहर ले गए। गाड़ी में डाल अपहरण कर लिया। छात्र को 10 किमी. दूर धोरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा। उसके साथ बर्बरता करते हुए नाखून निकाल लिए, उसके दांत तोड़ दिए। हाथ-पैरों को लाठियों से पीटा। करीब आधे घंटे बाद छात्र को वहीं फेंक कर फरार हो गए। पुलिस थाना बिजराड़ में मामला दर्ज करवाया कि 17 वर्षीय छात्र कक्षा 12वीं में पढ़ता है। सुबह 8 बजे स्कूल पेपर देने गया था। स्कूल के अंदर प्रवेश करने के बाद कक्ष में पहुंच गया था, तभी स्कूल के अंदर घुसे 4 बदमाशों ने छात्र को पकड़ा और स्कूल स्टाफ का डरा धमका कर छात्र को उठा कर ले गए। आरोपी नारणाराम पुत्र खरथाराम, बजरंग पुत्र नारणाराम, तेजाराम पुत्र पुरखाराम, लक्ष्मण पुत्र बगताराम ने छात्र को गाड़ी के अंदर डाला और धोरों में लेकर उसके बाद अमानवीय कृत्य किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुटी। छात्र को गंभीर घायलावस्था में चौहटन से बाड़मेर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। ^परीक्षा सेंटर से छात्र के अपहरण की घटना को हमने गंभीरता से लिया है। इस मामले में सीबीईईओ से ​तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। अगर शिक्षकों की भी लापरवाही रही है तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। -देवाराम चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी बाड़मेर। एसपी नरेंद्रसिंह मीना ने घटना को गंभीरता से लिया। वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल पुलिस टीमें गठित की और आरोपियों की पहचान कर तलाश में जुट गए।आरोपी नारणाराम पुत्र खरथाराम, बजरंग पुत्र नारणाराम, तेजपाल पुत्र पुरखाराम, लक्ष्मण पुत्र वगताराम निवासी जैसार का पीछा करते हुए महज 4 घंटे में ही जालोर सायला क्षेत्र से दस्तयाब कर लिया। इनसे गाड़ी भी जब्त की गई है। जैसार गांव के एक छात्र की ओर से किसी स्टूडेंट को मैसेज किए जाने के बाद इन्हीं बदमाशों ने शनिवार को एक छात्र पर हमला किया था। इस दौरान इसी छात्र ने बीच-बचाव किया और छुड़वाया। मारपीट के दौरान आरोपियों से भिड़ गया था। ग्रामीण भी बीच बचाव में आए, इससे उस छात्र का अपहरण होने से बच गया। बीच-बचाव की वजह से बदला लेने के लिए आए बदमाशों ने सेंटर के अंदर प्रवेश कर छात्र का अपहरण किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *