गौरेला-पेंड्रा मरवाही जिले में पुरानी रंजिश को लेकर दो मांझी परिवारों के बीच हिंसक झड़प हुई। मंगलवार को भस्कुरा गांव में नरेंद्र मांझी के घर घुसकर कुछ लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। इसमें 3 लोग घायल हुए है। एक महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही आनंद मांझी, पप्पू मांझी, रवि मांझी और अन्य लोगों ने उन पर हमला किया। घायलों को 112 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज जारी है। जान से मारने की धमकी देने का आरोप पीड़ित परिवार ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। बताया जा रहा है दोनों परिवार के बीच जमीन को लेकर विवाद है। गौरेला थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में और धाराएं जोड़ी जाएंगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित परिवार को न्याय का आश्वासन दिया गया है।


