भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर/मनेंद्रगढ़ मध्यप्रदेश की दर्शिला पुलिस चौकी के कर्मियों द्वारा कथित तौर पर की गई मारपीट के बाद छत्तीसगढ़ के एक ट्रैक्टर चालक सोनू चक्रधारी की मौत हो गई। घटना से सीमावर्ती क्षेत्र में तनाव व्याप्त है और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। सोनू चक्रधारी अपने ट्रैक्टर में आवास निर्माण के लिए बरने नदी से रेत लोड कर ले जा रहा था। इसी दौरान मध्यप्रदेश की दर्शिला पुलिस चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि पुलिसकर्मियों ने सोनू के साथ मारपीट की। आरोप है कि उस पर बेलचे से भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। सोनू की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया, जिससे अंतरराज्यीय मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। स्थिति बिगड़ती देख एमसीबी जिले की एसपी रत्ना सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों की समझाइश और कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। मृतक के परिजनों का कहना है कि सोनू केवल अपने घर के काम के लिए रेत ले जा रहा था, लेकिन पुलिस ने अमानवीय व्यवहार किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यदि जांच में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता या लापरवाही पाई जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। केल्हारी थाने में मध्यप्रदेश के दरसिला चौकी से जुड़े 2 पुलिसकर्मियों और एक अन्य व्यक्ति पर मारपीट, गाली-गलौज और अवैध वसूली की एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में राजू प्रजापति, नितिन शुक्ला और मधु जायसवाल के नाम का उल्लेख है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


