होली पर्व को लेकर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने रांची-झंझारपुर होली स्पेशल ट्रेन के परिचालन की घोषणा की है। इस विशेष ट्रेन का संचालन 2 मार्च से 30 मार्च तक रांची से प्रत्येक सोमवार को और 3 मार्च से 31 मार्च तक झंझारपुर से प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। ट्रेन के कुल पांच-पांच फेरे होंगे। रांची-झंझारपुर होली स्पेशल ट्रेन (08105) रांची से रात 10:50 बजे प्रस्थान करेगी और मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, चित्तरंजन, जसीडीह, बरौनी, समस्तीपुर और दरभंगा होते हुए मंगलवार की शाम 4 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वहीं झंझारपुर-रांची होली स्पेशल ट्रेन (08106) झंझारपुर से शाम 6 बजे प्रस्थान करेगी और बुधवार को अपराह्न 12:15 बजे रांची पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें एसएलआरडी के 2, सामान्य श्रेणी के 2, स्लीपर के 16 और वातानुकूलित 3-टियर व 2-टियर का एक-एक कोच शामिल हैं।


