भास्कर न्यूज |गिरिडीह झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 6 से 8 तक के कुल 200 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के लिए रांची और नेतरहाट भेजा गया। शनिवार को शहर के झंडा मैदान से चार बसों के माध्यम से सभी छात्र-छात्राएं रवाना हुए। जिला शिक्षा अधीक्षक मुकुल राज ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को यात्रा के लिए विदा किया।यह शैक्षणिक भ्रमण जिले के सभी प्रखंडों से चयनित उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया है, जिन्होंने अपने-अपने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन प्रतिभाशाली छात्रों को नई जगहों का अनुभव प्राप्त कराने और विज्ञान एवं प्रकृति से जुड़ी जानकारी देने के उद्देश्य से इस भ्रमण का आयोजन किया गया है।कार्यक्रम के तहत 7 मार्च, शनिवार को छात्र-छात्राएं रांची स्थित बिरसा मुंडा जैविक उद्यान, विज्ञान भवन सहित अन्य महत्वपूर्ण शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इसके बाद 8 मार्च, रविवार को सभी बच्चे रांची से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां उन्हें प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ भौगोलिक और पर्यावरणीय जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।बच्चों की यात्रा के दौरान उनके भोजन, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं रांची में सुनिश्चित की गई हैं। विद्यार्थियों के साथ 12 शिक्षक अटेंडेंट के रूप में गए हैं, जो पूरे भ्रमण के दौरान बच्चों का मार्गदर्शन और सहयोग करेंगे। रवाना करने से पहले जिला शिक्षा अधीक्षक मुकुल राज ने बच्चों से बातचीत करते हुए उन्हें यात्रा के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों को भ्रमण के दौरान नई चीजें सीखने, अपने अनुभवों को समझने और ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलता है। मौके पर एडीपीओ प्रकाश कुमार, एपीओ नीरज बड़ाइक, बीपीओ अरविंद कुमार राय, केडी सिंह, शारदा कुमारी, फील्ड मैनेजर मनीष कुमार, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित थे। सभी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित और ज्ञानवर्धक यात्रा की कामना की।


