2025 हज यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने हज यात्रा 2025 के लिए उत्तर प्रदेश के निजी टूर ऑपरेटरों को अधिक सीट दिया है। विगत वर्ष की तुलना में 600 सीट अधिक दी गई है। जिसके बाद लख़नऊ समेत पूरे प्रदेश के प्राइवेट टूर ऑपरेटरों ने इसका स्वागत किया। इस साल कुल 3000 सीटों का कोटा आवंटित किया है। उत्तर प्रदेश के टूर ऑपरेटरों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इससे हज यात्रियों को उनकी आवश्यकताओं और बजट के अनुसार टूर ऑपरेटर चुनने में सहायता मिलेगी। मंत्रालय ने हज यात्रा के लिए टूर ऑपरेटरों को उनकी विशेषज्ञता और अनुभव के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा है। यूपी हज एंड उमरा टूर ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव ताहिर अली ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हज यात्रियों को फ्रॉड टूर ऑपरेटर से सावधान रहने की आवश्यकता है । बहुत से टूर वाले सस्ते और आकर्षक पैकेज के विज्ञापन देकर लोगों को धोखा देते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने मान्यता प्राप्त टूर ऑपरेटरों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की है। सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखकर ही प्राइवेट टूर चुने।


