2100 कीलों पर लेटते हुए खाटू पहुंचेगा श्याम भक्त-VIDEO:शृंगार के लिए विदेश से मंगाए फूल, भीड़ बढ़ने से लखदातार ग्राउंड के जिगजैग खोले

सीकर में बाबा खाटूश्यामजी का फाल्गुनी लक्खी मेले में 5वें दिन रंगत देखने को मिल रही है। अब तक करीब साढ़े 5 लाख से ज्यादा भक्त बाबा श्याम के दर्शन कर चुके हैं। श्याम बाबा का हरे और गुलाबी फूलों से बुधवार को शृंगार किया गया। ये फूल विदेश से मंगाए गए। वहीं रींगस से खाटूश्यामजी तक एक भक्त 2100 कीलाें पर लेटते हुए पेट पलायन करते हुए बाबा के दर्शन करने रवाना हुआ है। वह छह दिन तक ऐसे कठित तपस्या करते हुए एकादशी पर खाटूश्यामजी के दर्शन करेगा। श्याममयी भजनों के बीच जयकारे लगाते हुए श्याम बाबा के दर्शन करते हुए श्रद्धालु मन्नतें मांग रहे हैं। रींगस से खाटू तक निशान लेकर बढ़ रहे पदयात्रियों के बीच तिल रखने को भी जगह नहीं है। भीड़ बढ़ने के कारण लखदातार ग्राउंड के जिगजैग खोल दिए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को करीब 2 किलोमीटर तक चक्कर लगाना पड़ रहा है। खाटू पहुंचने के बाद दर्शन करने में श्रद्धालुओं को 1 घंटे से भी कम समय लग रहा है। मंदिर परिसर को ऊं लिखे सफेद दुपट्‌टों से सजाया गया है। इसके नीचे चटख लाल रंग की झालरें लटकाई गई हैं। श्याम बाबा के दरबार में सभी 14 लाइनों में चलते हुए श्रद्धालु खाटूश्यामजी के दर्शन कर रहे हैं। देखें खाटूश्यामजी के मेले की PHOTOS 21 फरवरी से शुरू हुआ था मेला
विश्व प्रसिद्ध बाबा श्याम का फाल्गुन मेला 21 फरवरी से शुरू हो गया। मेले के 5वें दिन विदेश से आए हरे और गुलाबी रंग के फूलों से बाबा श्याम का आकर्षक शृंगार किया गया। शृंगार में फूलों के साथ लाल वेलवेट के कपड़े पर गोल्डन कढ़ाई और गुलाबी कढ़ाईदार गोटे का बागा पहनाया गया है। सुबह से मेले में बाबा श्याम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ रही। कठिन परीक्षा दे रहा श्याम भक्त, 2100 कीलों पर पेट पलायन यात्रा
विश्वप्रसिद्ध बाबा श्याम की भक्ति की कठिन और अद्भुत परीक्षा इन दिनों आस्था के मार्ग पर देखने को मिल रही है। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ निवासी सोनू श्याम की कृपा पाने के लिए असाधारण यात्रा कर रहा है। सोनू पिछले 4 दिनों से 2100 लोहे की कीलों पर पेट पलायन करते हुए रींगस से खाटूश्यामजी की ओर बढ़ रहा है। भक्ति की इस अनोखी साधना में कीलें करीब 5 इंच लंबी हैं, जिनका कुल वजन लगभग 26 किलोग्राम बताया जा रहा है। इन्हीं कीलों पर पेट पलायन करते हुए सोनू करीब 17 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर रहा है। 6 दिन में यात्रा होगी पूरी
श्याम भक्त सोनू ने बताया- वह पिछले 3 वर्षों से फाल्गुनी मेले में इसी तरह कठिन यात्रा कर बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगा रहा है। इस वर्ष भी 6 दिन की यात्रा पूरी कर एकादशी पर बाबा श्याम के दर्शन करेगा। वह अभी खाटू मंदिर से 6-7 किलोमीटर दूर है। सोनू ने कहा- उसकी एक ही मनोकामना है हर वर्ष बाबा श्याम इसी तरह बुलाते रहें। उसकी इस अटूट आस्था और संकल्प को देखकर मार्ग में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो रहे हैं और जयकारों के साथ उसका उत्साह बढ़ा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *