भास्कर न्यूज | रायगढ़ जिले के खनिज उत्खनन से प्रभावित क्षेत्र छाल सहित आस-पास के अंचलों में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम उठाया है। करीब 5 किमी लंबे छाल मेन रोड के पक्की करण के लिए 22 करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार की गई है। यह निर्माण डीएमएफ और सीएसआर मद के साझा सहयोग से कराया जाएगा। छाल के ग्रामीणों ने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से खरसिया से छाल पहुंच मार्ग के जर्जर हिस्से के पुनर्निर्माण की मांग रखी थी। ग्रामीणों ने बताया था कि करीब 5 किमी का हिस्सा खराब स्थिति में है, जिससे रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतें आ रही हैं। कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और इसे प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा। लंबे समय से खराब स्थिति में पड़े इस मार्ग के कारण किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। पक्की सड़क बनने से आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा, जिससे ग्रामीण अंचल को सीधा लाभ मिलेगा।


