जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए नोहर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 24 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) और 55 हजार 350 रुपए की नकद बिक्री राशि के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूस्तम उर्फ मिया (30) निवासी सिंचाई कॉलोनी, नोहर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार एसआई नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम गश्त पर थी तभी सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हेरोइन और नशे की बिक्री से प्राप्त नकद राशि बरामद की गई। आरोपी रूस्तम उर्फ मिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच गोगामेड़ी थाना प्रभारी चंद्रकला को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपी से हेरोइन की सप्लाई चेन, उसके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशे की खेप कहां से लाई गई और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में हेड कॉन्स्टेबल सुभाष मीणा, कॉन्स्टेबल सुभाष चंद्र, रामहरि और सुरेश कुमार शामिल रहे।


