रतलाम में चेतन्य काश्यप फाउंडेशन एवं क्रीड़ा भारती द्वारा 25वें खेल चेतना मेले की शुरुआत आज (शनिवार) से होगी। रजत जयंती वर्ष में खेल चेतना मेले का शुभारंभ प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में सुबह 10.30 बजे नेहरु स्टेडियम में होगा। आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन ने बताया कि रजत जयंती वर्ष में भव्य स्वरूप में खेल चेतना मेला आयोजित हो रहा है। मुख्य अतिथि सीएम डॉ. मोहन यादव नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। विधिवत रूप से खेल चेतना मेला का शुभारंभ करेंगे। नेहरू स्टेडियम सहित अन्य खेल मैदानों में खेल मेला से जुड़ी समस्त प्रकार की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। खेलों के इस महाकुंभ के 18 खेलों में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। खेल चेतना मेला को लेकर अब तक 100 से अधिक स्कूलों की एंट्री प्राप्त हो चुकी है। इन मैदानों में होंगे खेल खेल चेतना मेले के तहत नेहरू स्टेडियम में क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस के मैच होंगे। साइंस, एंड आर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में एथलेटिक्स एवं हॉकी, कालिका माता सत्संग हॉल में शरीर सौष्ठव, संत कंवरराम नगर क्रीड़ा केंद्र पर योग, मलखंब एवं स्केटिंग होगी। रेलवे ग्राउंड पर फुटबॉल, डीआरएम ऑफिस रेलवे ऑफिसर क्लब पर तैराकी, सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट पर बास्केटबॉल, व्हालीबॉल एवं बेडमिंटन होगा। लॉ कॉलेज में शतरंज और स्टेशन रोड पर शूटिंग की स्पर्धा होगी। फाउंडेशन अध्यक्ष, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री एवं क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष, चेतन्य काश्यप ने खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आवाहन किया है।


