जैसलमेर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास पकड़ा गया तेलंगाना का युवक 25 लाख रुपए की वसूली करने आया था। हालांकि पूछताछ के आधार पर दुबई कनेक्शन और मोबाइल डेटा खंगाले जा रहे है। फिलहाल संवेदनशील इलाके में युवक के पहुंचने की एजेंसियां गहन जांच कर रही हैं। म्याजलार थाना SHO सज्जन सिंह ने बताया- तेलंगाना के रहने वाले अशफाक हुसैन (38) को 18 फरवरी को प्रतिबंधित म्याजलार क्षेत्र से ग्रामीणों ने पकड़ा था। इसके बाद BSF के हवाले कर दिया था। पूछताछ के बाद म्याजलार पुलिस को सौंपा गया। अब संयुक्त जांच कमेटी (JIC) मामले में जांच करेगी। 25 लाख रुपए लेने ‘सम’ पहुंचा, रास्ता भटकने का दावा म्याजलार थाना SHO सज्जन सिंह ने बताया- पूछताछ में अशफाक ने बताया कि उसने तेलंगाना में होटल व्यवसाय के लिए राजेश चौधरी नाम के व्यक्ति को 25 लाख रुपए दिए थे। लेकिन उसने वापस नहीं लौटाए और गायब हो गया। उसे सूचना मिली कि राजेश इन दिनों जैसलमेर के सम क्षेत्र में रह रहा है, इसलिए वह उसे ढूंढते हुए यहां पहुंचा। अब एजेंसियां राजेश चौधरी की तलाश में जुट गई हैं और दोनों के बीच आर्थिक लेनदेन की पुष्टि कर रही हैं। पासपोर्ट मिला, दुबई प्रवास की जांच अशफाक हुसैन के पास से पासपोर्ट बरामद हुआ था। उसने बताया कि वह पहले दुबई में अपने चाचा के होटल में काम करता था। वहां से तेलंगाना वापस लौट आया था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां उसके विदेश जाने, यात्रा रिकॉर्ड और संपर्कों की भी जांच कर रही हैं। सीमाजन समिति ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा म्याजलार थाना SHO सज्जन सिंह ने बताया- 18 फरवारी की सुबह गुंजनगढ़ के पास सीमाजन कल्याण समिति के सदस्य भोजराज सिंह और भाखर सिंह ने उसे प्रतिबंधित क्षेत्र में घूमते देखा और पुलिस के हवाले कर दिया। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे जांच शुरू की। युवक को प्रतिबंधित क्षेत्र में मिलने के कारण हिरासत में लिया गया है। उसके दावों की पुष्टि के लिए मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और दुबई कनेक्शन की जांच की जा रही है। संयुक्त पूछताछ (JIC) पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। — संबंधित ये खबर भी पढ़ें… जैसलमेर में भारत-पाक बॉर्डर पर पकड़ा तेलंगाना का युवक:ग्रामीणों ने BSF के हवाले किया, पासपोर्ट-आधार कार्ड मिला; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट भारत-पाकिस्तान इंटरनेशन बॉर्डर से सटे जैसलमेर के म्याजलार क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेलंगाना का संदिग्ध युवक पकड़ा गया। प्रतिबंधित सीमावर्ती इलाके में घूमते मिले युवक को ग्रामीणों ने रोककर पूछताछ की। पूरी खबर पढ़िए


