25 व्यापारियों से हुई करोड़ों की धोखाधड़ी, बाप, 3 बेटों पर केस

भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर की केसरगंज मंडी में करीब 25 व्यापारियों से फूड ग्रेन और घरेलू सामान का माल लेने के बाद भुगतान न करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक कारोबारी और उसके बेटों ने करोड़ों रुपए का माल लेने के बाद रकम नहीं चुकाई। शिकायतकर्ता राकेश कुमार गुप्ता निवासी ट्रंक बाजार ने पुलिस को बताया कि उनका फूड ग्रेन और घरेलू उत्पादों का कारोबार है। उनका राजवीर के साथ करीब 25 साल पुराना कारोबारी संबंध था। भरोसे के चलते उन्होंने राजवीर के बेटों को भी कारोबार शुरू करवाने में मदद की और उन्हें तेल, चावल, दालें और अन्य फूड ग्रेन का माल सप्लाई करना शुरू कर दिया। आरोप है कि राजवीर और उसके बेटों ने केसरगंज मंडी और आसपास के बाजारों के करीब 25 कारोबारियों से करोड़ों रुपए का माल लिया। साल 2025 में माल लेने के बाद आरोपियों ने उसकी रकम का भुगतान नहीं किया। कई बार पैसे मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में भुगतान के नाम पर कुछ चेक भी दिए, लेकिन पैसे वापस नहीं किए। परेशान होकर सभी कारोबारियों ने 13 नवंबर 2025 को पुलिस के उच्च अधिकारियों को संयुक्त शिकायत दी। कई महीनों तक चली जांच के बाद अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने राजवीर और उसके बेटों चमनदीप उर्फ चीनू, अमनदीप और गगनदीप के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी बलदेव सिंह ने बताया कि अब तक की जांच में करीब 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी सामने आई है, लेकिन जांच जारी है और यह राशि बढ़ भी सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *