25 हजार रुपए का इनामी बदमाश गिरफ्तार:अवैध वसूली में था फरार, अलग-अलग जगह की रील्स डालकर पुलिस को करता था गुमराह

करौली पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश अतरसिंह उर्फ अतरा गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपी करौली के रुग्गापुरा, थाना सदर का निवासी है और एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। वह संपत्ति विवाद, अवैध वसूली और जानलेवा हमलों के कई मामलों में लंबे समय से वांछित था। थाना अधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि अतरा गुर्जर विवादित जमीनों और करोड़ों की संपत्तियों से जुड़े मामलों में सक्रिय था। वह भूमाफिया तत्वों के साथ मिलकर लोगों को डराने-धमकाने और अवैध वसूली करने का आदी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में अवैध हथियार, मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी, मारपीट और जानलेवा हमला सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सितंबर 2025 में करौली शहर में एक विवादित मॉल के संपत्ति विवाद में अतरा गुर्जर ने एक व्यापारी पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर बड़ी रकम की मांग की थी। अक्टूबर 2025 में भी वह गोदाम विवाद से जुड़ी एक घटना में अपने साथियों के साथ जानलेवा हमले में शामिल रहा था। इन्हीं गंभीर मामलों के कारण उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए अतरा गुर्जर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और सोशल मीडिया का उपयोग कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। वह अलग-अलग स्थानों की रील्स और पोस्ट डालकर अपनी वास्तविक मौजूदगी छिपाता था। पुलिस टीम ने धैर्यपूर्वक उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी की और तकनीकी रणनीति का उपयोग कर उसे जाल में फंसाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने अतरा गुर्जर को करौली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो सके। आरोपी की गिरफ्तारी में हेड कॉन्स्टेबल विजय सिंह, कॉन्स्टेबल हैमवीर और वीर प्रताप की मुख्य भूमिका रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *