250 किलोग्राम मिलावटी पनीर पकड़ा:जवाहर नगर थाना पुलिस की टीम ने की कार्रवाई; सीएमएचओ की टीम को बुलाकर सैंपल लिए और नष्ट करवाया

जयपुर के जवाहर नगर इलाके के टीला नं. 1 के पास स्थित एक डेयरी पर आए मिलावटी पनीर की खैप को जवाहर नगर थाना पुलिस ने जब्त किया। ये पनीर अलवर के मेवात एरिया से तैयार होकर आया था, जो पूरी तरह मिलावटी था। गाड़ी पकड़ने के बाद पुलिस ने जिला कलेक्ट्रेट कंट्रोल पर सूचना दी और सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लै​ब भिजवाए और पूरे पनीर को ईदगाह के पास नाले में नष्ट करवाया। जवाहर सर्किल थाना पुलिस से मिली सूचना के मुताबिक 2 मार्च की रात को करीब 11 बजे पीसीआर की टीम गश्त कर रही थी। तभी टीला नं. 1 के पास स्थित राधे बेकर्स के यहां एक बाहर के नंबर की पिकअप गाड़ी खड़ी दिखी। पुलिस की गाड़ी जैसे ही वहां उस पिकअप के पास पहुंची और उतरकर पूछताछ करने लगी, तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति भाग गया। जांच की तो निकला पनीर व्यक्ति के भागने पर पुलिस को शक हुआ और उन्होंने पिकअप की जांच की तो उसमें रखे कंटेनरों में बड़ी मात्रा में पनीर रखा था, जिसमें खोलने पर ही अजीब से बदबू आ रही थी। इसके बाद टीम ने जिला कंट्रोल में सूचना दी और सीएमएचओ की टीम को बुलाया। सैंपल लेकर नष्ट करवाया पनीर देर रात पहुंची सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम से फूड सेफ्टी ऑफिसर विशाल मित्तल के नेतृत्व में टीम पहुंची और टीम ने पनीर के सैंपल लेकर उसे प्रथम दृश्यता मिलावटी मानते हुए नष्ट करवाने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस की टीम ने फूड सेफ्टी टीम की निगरानी में पूरे 250 किलोग्राम पनीर को ईदगाह स्थित नाले में नष्ट करवाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *