भास्कर न्यूज | जांजगीर कचंदा पिछड़ा वर्ग विकास संगठन छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और यूजीसी कानून को प्रभावी करने की मांग को लेकर विशाल शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम जिला मुख्यालय के कचहरी चौक के पीछे टी-मार्ट परिसर में आयोजित हुआ। धरने में जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से युवा साथी व बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। धरना प्रदर्शन के दौरान 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर राज्य सरकार के नाम तथा यूजीसी नियम लागू करने के समर्थन में भारत सरकार के प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा गया। कार्यक्रम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन विशुद्ध रूप से गैर-राजनीतिक है और इसका किसी भी दल से कोई संबंध नहीं है। प्रदेश प्रवक्ता रामकुमार पटेल ने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि बड़े महाविद्यालयों में आरक्षण लागू न होना गंभीर समस्या है, जिसके समाधान के लिए आंदोलन जरूरी है। संगठन के उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल ने महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, छत्रपति साहूजी महाराज और डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संरक्षक संग्राम सिंह यादव, मन्नू पटेल, जिला अध्यक्ष नीलम यादव, सोशल मीडिया प्रभारी नारायण साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


