राज्य सरकार के एक साल की वर्षगांठ पर गुरुवार को युवा और रोजगार महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें अलग-अलग विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। बच्चों को टैबलेट और बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई। वहीं वोकेशनल ट्रेनिंग वाले स्टूडेंट को टूल किट बांटे। शहर के विजयाराजें सिंधिया ऑडिटोरियम हॉल में युवा एवं रोजगार महोत्सव का आयोजन हुआ। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, सागवाड़ा विधायक शंकर डेचा, भाजपा नेता सुशील कटारा, जिला प्रमुख सूर्या अहारी, सभापति अमृत कलासुआ की मौजूदगी में राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल की वर्षगांठ मनाई। रोजगार और युवा महोत्सव के तहत जिलेभर में विभिन्न विभागों में नवनियुक्त युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके तहत चिकित्सा विभाग में नर्सिंग ऑफिसर के 223, एएनएम के 5, नर्सिंग ऑफिसर होम्योपैथी के 6, कृषि विभाग में कृषि पर्यवेक्षक के 7, सांख्यिकी विभाग ने संगणक के 19, संस्कृत शिक्षा विभाग में वरिष्ठ अध्यापक के 8, आयुर्वेद विभाग में कंपाउंडर के 8 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। हाथों में नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जताई। जिले में अब तक 928 चयनितों को लाभान्वित किया है। जिसमें सिर्फ चिकित्सा विभाग के 472 हैं। इसके अलावा टैबलेट वितरण योजना के तहत 5 बच्चों को टैबलेट दिए गए। जिलेभर में 580 पात्र बच्चों को टैबलेट दिए जाएंगे। वोकेशनल ट्रेनिंग के स्टूडेंट को टूल किट प्रदान किए गए। इसके अलावा बालिकाओं को साइकिल वितरण की भी शुरुआत की गई। समारोह में 25 बालिकाओं को साइकिल दी गई। जिले में आज एक दिन में 3 हजार बालिकाओं को साइकिल दी जा रही है। वहीं योजना के तहत 11 हजार से ज्यादा बालिकाओं को साइकिल मिलेगी। इस दौरान विधायक शंकर डेचा ने राज्य सरकार की योजनाओं को गिनाया और अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए अपील की गई।


