भास्कर न्यूज | बेमेतरा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली में सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र सुबह 10 से 12 बजे तक व द्वितीय पाली में अभिरुचि परीक्षा दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक हुई। जिले में कुल 1374 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 1145 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 229 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 1133 परीक्षार्थी शामिल हुए और 241 अनुपस्थित दर्ज किए गए। इस प्रकार कुल उपस्थिति 84 प्रतिशत से अधिक रही। परीक्षा के लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए थे, जिनमें पीजी कॉलेज, कन्या महाविद्यालय और बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामिल रहे। इनमें केंद्र कोड 2501 में 654 में से प्रथम पाली में 541 और द्वितीय पाली में 535 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों में जैमर लगाए गए थे। आयोग के 12 बिंदुओं वाले दिशा-निर्देशों का पालन कराया गया। पुलिस बल की तैनाती के साथ केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया था। वहीं आयोग सदस्य डॉ. प्रवीण वर्मा ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था की जांच की। उन्होंने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई और नोडल अधिकारी पिंकी मनहर से परीक्षा को लेकर चर्चा भी की।


