भास्कर न्यूज | मारो श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू में तीन दिवसीय शिव आराधना महोत्सव का समापन यज्ञ की पूर्णाहुति एवं भण्डारे के साथ हुआ। माण्डूक्य ऋषि की तपःस्थली स्थल पर महाशिवरात्रि पर अनुष्ठान में तीनों दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आयोजन के तृतीय दिवस प्रातःकाल से ही पूजा-अर्चना का क्रम प्रारंभ हुआ। निर्धारित समयानुसार दो आवृत्ति रूद्राभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। आचार्यों ने भगवान शिव का अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। रूद्राभिषेक के पश्चात हवन-यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर पारिवारिक एवं सामाजिक मंगल की प्रार्थना की। वैदिक विधि-विधान से संपन्न हवन के उपरांत पूर्णाहुति दी गई और इसी के साथ महोत्सव का विधिवत समापन हुआ। आयोजन में आसपास के लगभग 40 गांवों से श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम की शुरुआत सामाजिक कार्यकर्ता स्व. शांतारामने श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू के प्राचीन वैभव को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से यहां विविध धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों की शुरुआत की थी। उनके प्रयासों से मदकू सहित चंदरपुर, चंद्रखुरी, दरुवनकांपा, ठेलकी और बासिन जैसे गांवों में सामाजिक समरसता, चिकित्सा, शिक्षा और धार्मिक प्रकल्पों के माध्यम से जागरण का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।


