नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रविवार सुबह नीट यूजी का आधिकारिक नोटिफिकेशन अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। जारी सूचना के अनुसार नीट यूजी 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा पेन एंड पेपर मोड में एक ही पारी में होगी। यह परीक्षा देश के 552 शहरों और 14 विदेशी शहरों में आयोजित की जाएगी। करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा के अनुसार, परीक्षा की अवधि 3 घंटे होगी। इसमें कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें फिजिक्स के 45 प्रश्न, केमिस्ट्री के 45 प्रश्न बायोलॉजी के 90 प्रश्न (45 बॉटनी + 45 जूलॉजी) शामिल होंगे। परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क जनरल के लिए 1700, ओबीसी के लिए 1600, एससी एसटी, पीडब्लूडी और थर्ड जेंडर के लिए एक हजार रूपए, विदेश परीक्षा केंद्र के लिए 9500 का शुल्क रखा गया है। नीट यूजी के स्कोर के आधार पर एमबीबीएस, बीडीएस, वेटनरी, आयुर्वेद, यूनानी और नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा।
यह परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित होगी जिसमें असमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल है। ऑनलाइन आवेदन 8 फरवरी से 8 मार्च तक भरे जाएंगे। करेक्शन विंडो 10 मार्च से 12 मार्च तक खुलेगी। इस वर्ष पोस्टकार्ड साइज फोटो की आवश्यकता नहीं होगी, लेकिन उम्मीदवारों को लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा पासपोर्ट साइज फोटो,दाएं और बाएं हाथ के अंगूठे व फिंगर इम्प्रेशन, 10वीं की मार्कशीट व पासिंग सर्टिफिकेट, सिग्नेचर, कैटेगरी सर्टिफिकेट (यदि लागू हो), वैध पहचान पत्र (आधार के अलावा अन्य होने पर), लोकल और स्थायी पते का प्रमाण भी देना होगा।


