3 माह बाद कब्र खोदकर निकाली कचरू की लाश

भास्कर न्यूज | कवर्धा/रेंगाखार जंगल लोहारीडीह हत्याकांड को लेकर एक और अपडेट है। शिवप्रसाद उर्फ कचरू साहू की मौत के 3 महीने बाद उसके शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। जबलपुर हाई कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को मध्यप्रदेश व कबीरधाम पुलिस ने पीड़ित परिजनों की मौजूदगी में कब्र की खुदाई की। कचरू की लाश बाहर निकाली। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मेडिकल टीम ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। जांच के लिए विसरा सैंपल जुटाए हैं। पीएम के बाद शव को वापस कब्र में दफना दिया गया। दरअसल 15 सितंबर को कचरू की लाश मिलने पर पोस्टमार्टम कराए थे तो उसमें खुद से फांसी लगाने जैसी बात सामने आई थी। इस पर मृतक की बेटी लालेश्वरी ने जबलपुर हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी कि उसके पिता की हत्या हुई है। याचिका पर जबलपुर हाई कोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम के आदेश दिए थे। आदेश का पालन करने छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश पुलिस टीम गुरुवार को लोहारीडीह पहुंची। कब्र से शव को निकाल कर विसरा सैंपल लिए हैं, जिसकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी। बेटी बोली- बिरसा पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं जिस समय रि-पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर हाई कोर्ट में याचिका लगी थी, उसी दौरान बिरसा पुलिस ने कचरू साहू की हत्या के मामले में 4 आरोपी को गिरफ्तार किया था। गुरुवार को रि-पोस्टमार्टम के दौरान मृतक की बेटी लालेश्वरी वहीं मौजूद थी। उसने कहा कि हत्यारे 4 से ज्यादा हैं, इसकी जांच होनी चाहिए। उसने बिरसा पुलिस की जांच से असंतुष्टि जताई है। गौरतलब है कि हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किए थे। इसमें मुख्य आरोपी उप सरपंच रघुनाथ साहू का बेटा दिनेश था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *