अलवर में 3 साल की बच्ची के मुंह में विस्फोटक फट गया। मासूम अपनी बड़ी बहन के साथ दुकान पर चॉकलेट लेने गई थी। आरोप है कि दुकानदार ने चॉकलेट की जगह पटाखे वाली चॉकलेट दे दी। बच्ची ने जैसे ही उसे चबाया तो वह बच्ची के मुंह में फट गया, जिससे मासूम के गाल और होंठ बुरी तरह फट गए। घटना सोमवार सुबह 11 बजे अलवर मार्ग स्थित चौकी बास गांव की है। मासूम का अलवर के निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है, स्थिति खतरे से बाहर है। दुकानदार पर बारूद वाली चॉकलेट देने का आरोप रामगढ़ थानाधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया-बच्ची की मौसी निकिता ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसमें बताया कि उसकी भतीजी अक्शु (3) मेरी बेटी अहाना (6) के साथ गांव में ही किराना की दुकान पर चॉकलेट लेने गई थी। दुकानदार सुदील उर्फ काला पुत्र नत्थो ने उसे बारूद वाली चॉकलेट दे दी। अहाना ने जैसे ही अक्शू से चॉकलेट छीनने की कोशिश की तो अक्शु चॉकलेट खा गई। चबाने के तुरंत बाद विस्फोटक मुंह में ही फट गया।मुंह में हुए इस विस्फोट से बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बच्ची का गाल और होंठ बुरी तरह फट गए थे। विस्फोट के दौरान मेरी बेटी अहाना के हाथ में कोल्ड ड्रिंक की बोतल थी, जो गिर गई और टूट गई। बच्ची की सर्जरी हुई, ICU में भर्ती
डॉ. जयंत थरेजा ने बताया- चॉकलेट समझकर विस्फोटक खाने से बच्ची का मुंह फट गया था। बच्ची की चेहरे की स्किन और होंठ बुरी तरह फट गए थे। मंगलवार शाम को उसकी सर्जरी की गई है। वह अभी आईसीयू में है। मासूम के चेहरे पर 4 जगह कई टांके लगाए हैं।
कोल्ड ड्रिंक की शीशे वाली बोतल के साथ बच्ची गिर गई थी-दुकानदार
डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया- मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लिया है। दुकानदार ने अभी तक इसे कोल्ड ड्रिंक की शीशे वाली बोतल के साथ बच्ची के सड़क पर गिर जाने से यह हादसा होना बताया है। एक्सपर्ट की राय एवं एफएसएल जांच करवाकर घटना की तह तक जाने का प्रयास हम कर रहे हैं।


