3 साल से सुनसान रास्तों पर करते थे लूट 6 लोग गिरफ्तार, इनमें एक नाबालिग भी

कुकदूर थाना क्षेत्र में सुनसान सड़कों पर अकेले राहगीरों को निशाना बनाने वाले कुख्यात छल्ला गैंग, का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तीन साल से सक्रिय इस गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरोह भूरभुसपानी, दमगढ़, पंडरीपानी और मजगांव जैसे सुनसान इलाकों में रैकी कर वारदातों को अंजाम देता था। पिछले तीन माह में ही 7 घटनाएं हुई हैं, इनमें 3 पीड़ित ही सामने आए है। सोमवार दोपहर एसपी ऑफिस में आरोपियों को नकाब पहनाकर पेश किया गया। पहचान परेड शेष होने के कारण पुलिस ने नाम सार्वजनिक नहीं किए। जबकि पूछताछ में कई अन्य वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस अन्य पीड़ितों की पहचान कर रही है। आगे और भी खुलासे हो सकते हैं। ऐसे जुड़ीं कड़ियां: पुलिस को सुनसान मार्ग पर लूट की एक घटना में बाइक सवार दो संदिग्धों की तस्वीर मिली थी। बाइक नंबर ट्रेस होते ही जांच आगे बढ़ी। एक आरोपी हिरासत में आया, फिर उसके बयान के आधार पर बाकी पांच तक पुलिस पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई नकदी, मोबाइल व वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है। पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह धनश्री ने बताया कि सभी आरोपी शराब व अन्य नशे के आदी हैं। नियमित रोजगार नहीं होने और पैसों की कमी के कारण इन्होंने संगठित रूप से अपराध का रास्ता चुना। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए ये लोग सुनसान रास्तों पर वारदात कर रहे थे। पूछताछ में कई अन्य घटनाओं का खुलासा हुआ है। जांच जारी है। एफआईआर दर्ज होते ही 10 सदस्यीय स्पेशल टॉस्क टीम (एसआईटी) गठित की गई। लगातार दबिश, संदिग्धों की निगरानी से टीम ने गिरोह को पकड़ लिया। बीएनएस की धारा 126(2), 3(5), 309(4) के तहत 5 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *