30 को छत्तीसगढ़ आ रहे PM नरेंद्र मोदी:NTPC, रेलवे और सड़कों से जुड़े 1 हजार करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट करेंगे जनता के नाम

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। 30 मार्च को वो बिलासपुर में एक सभा लेंगे। यहां वो 1 हजार करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स को लॉन्च कर सकते हैं। सियासी तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये दौरा अहम है। मोदी छत्तीसगढ़ की धरती से प्रदेश और देश को रेलवे, NTPC और हाइवे कनेक्टिविटीज की सुविधाओं से जुड़ी सौगातें देंगे। बिलासपुर के मोहभट्ठा ग्राउंड में मोदी की सभा होगी। पूरे प्रदेश से वहां लोगों को लाने की जिम्मेदारी, विधायकों, सांसदों, पंचायत स्तर के नेताओं को पहले ही प्रदेश भारतीय जनता पार्टी दे चुकी है। मुख्यमंत्री खुद लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। तो इस वजह से आ रहे हैं मोदी
अब तक इस बात को गुप्त रखा गया है कि प्रधानमंत्री किस प्रोजेक्ट को कार्यक्रम में लॉन्च करेंगे। मगर शुरूआती जानकारी प्रदेश के डिप्टी CM अरुण साव ने दी है। उन्होंने बताया- प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ से कई परियोजनाओं के भूमिपूजन और शुरुआत करने जा रहे हैं। एनटीपीसी के काम हैं, राज्य सरकार के काम हैं, रेलवे के कुछ काम हैं, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के काम हैं। ऐसे अनेक कामों का लोकार्पण भूमि पूजन शुभारंभ का कार्यक्रम होने वाला है। डिप्टी CM ने कहा- कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, एक महत्वपूर्ण बैठक इस विषय को लेकर बिलासपुर में करने वाले हैं। बिलासपुर संभाग के प्रमुख अधिकारियों के साथ जन प्रतिनिधियों के साथ और राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री जी भी तैयारी की समीक्षा लगातार कर रहे हैं । नजर बनाकर रखे हुए हैं । ये बहुत ऐतिहासिक और भव्य कार्यक्रम होगा। 55 एकड़ में होगा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 मार्च को बिलासुपर के बोदरी तहसील के ग्राम मोहभट्ठा में विकास कार्यों की सौगात देेंगे। इससे पहले वो रायपुर आएंगे। बिलासपुर के कलेक्टर अवनीश शरण ने मुख्यमंत्री के सचिव को तैयारियों के बारे में बताया कि सभास्थल 55 एकड़ मैदान में आयोजित की जा रही है। प्रधानमंत्री एवं उनके स्टॉफ के उतरने के लिए स्थल के किनारे तीन हेलीपेड लगभग तैयार हो गए हैं। स्थल के एक किनारे पर दो और हेलीपेड बनाए जा रहे हैं। ये राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के लिए होंगे। सभास्थल के आस-आस 9 पार्किंग स्थल तैयार हो चुके हैं। सभास्थल में पांच डोम खड़े किए जा रहे हैं। सभी डोम मिलाकर 120 सेक्टर मेें लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। प्रत्येक सेक्टर में एक से डेढ़ हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। उनके पानी, नाश्ता, दवा और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं को कर्मचारी संभालेंगे। । लोग 4-5 घंटे तक सभास्थल पर ठहरेंगे, टॉयलेट भी बनाए जा रहे हैं। क्या हैं PM मोदी के दौरे के सियासी मायने
छत्तीसगढ़ में विधानसभा, लोकसभा और पंचायत चुनाव खत्म हो चुके हैं । अब सरकार के पास अब वक्त है काम करने का। राज्य सरकार और केंद्र सरकार के कोआर्डिनेशन से प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरे के जरिए यह दिखाने की कोशिश होगी कि छत्तीसगढ़ में तेजी से जनता से जुड़े काम हो रहे हैं । भाजपा देशभर में इस दौरे से यह भी दिखाने का प्रयास करेगी कि अगर केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है तो कैसे बड़ी सौगातें मिलती हैं, इसका असर उन राज्यों पर होगा जिनमें कुछ महीनो बाद चुनाव होने वाले हैं जैसे कि बिहार।

पिछली बार कब आए थे नरेंद्र मोदी
पिछली बार चुनावी माहौल में अप्रैल 2024 में नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ आए थे। 23 अप्रैल को पहले जांजगीर-चांपा के सक्ती और फिर शाम को धमतरी में प्रधानमंत्री की सभा हुई थी। इसके बाद 24 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे सरगुजा लोकसभा सीट के लिए अंबिकापुर में चुनावी सभा हुई। तब PM मोदी ने रायपुर के राजभवन में रात बिताई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *