30 दिसंबर के आदेश में संशोधन, विद्यार्थियों को बड़ी राहत:अमायरा की मौत, सजा सिर्फ सॉरी; नीरजा मोदीस्कूल को माफी, 9वीं-10वीं की मान्यता बहाल

नीरजा मोदी स्कूल में एक नवंबर 2025 को हुई चौथी की छात्रा अमायरा की मौत के मामले में सीबीएसई ने सिर्फ ‘​सॉरी’ बोलने से ही स्कूल प्रबंधन को माफी दे दी। बोर्ड ने स्कूल की 9वीं से 12वीं तक की मान्यता खत्म करने के आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए 9वीं और 10वीं की मान्यता बहाल कर दी है। अब सिर्फ 11वीं और 12वीं की 2 सत्रों (2026-27 और 2027-28) की मान्यता ही फिलहाल रद्द रहेगी। स्कूल प्रबंधन को सत्र 2028-29 से 12वीं कक्षा तक की मान्यता की बहाली के लिए दोबारा आवेदन करना होगा। सीबीएसई ने इससे पहले 30 दिसंबर को नीरजा मोदी स्कूल की 9वीं से 12वीं कक्षा तक की संबद्धता खत्म कर दी थी। इस संशोधन से 8वीं, 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों को सत्र 2026-27 के लिए राहत मिली है। अब 8वीं का विद्यार्थी स्कूल में नवीं में प्रवेश ले सकेगा। नवीं का विद्यार्थी भी 10वीं में प्रवेश ले सकेगा। साथ ही 11वीं का विद्यार्थी 12वीं में प्रवेश ले सकेगा। लेकिन 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को 11वीं में प्रवेश नहीं मिलेगा। नीरजा मोदी स्कूल ने 11 फरवरी को सीबीएसई को ईमेल के जरिए व्यक्तिगत सुनवाई का अनुरोध किया था। प्रबंधन बुलिंग रोकने में विफल, पर व्यक्तिगत सुनवाई में खेद जताया इसलिए आदेश संशोधित : सीबीएसई स्कूल अध्यक्ष सौरभ मोदी, हिंद मोदी और प्रिंसिपल इंदु दुबे ने प्रतिवेदन में कहा कि संबद्धता समाप्त करने जैसी कठोर कार्रवाई से छात्र और शिक्षक प्रभावित होंगे। कक्षाध्यापक ने प्रबंधन को इस बारे में जानकारी नहीं दी थी। इस लापरवाही के लिए उसे हटा दिया गया है। फिर भी कक्षाध्यापक की चूक को प्रबंधन व प्रिसिंपल स्वीकार करते हैं और ‘गहरा खेद’ प्रकट करते हैं। इस पर सीबीएसई ने कहा कि प्रबंधन बुलिंग और उत्पीड़न रोकने में विफल रहा है। व्यक्तिगत सुनवाई में स्कूल प्रबंधन ने कमियों को स्वीकार किया और घटना पर खेद प्रकट किया है इसलिए छात्र हित में 30 दिसंबर के आदेश में आंशिक संशोधन किया जाता है। 11वीं-12वीं मान्यता दो साल के लिए रद्द रहेगी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *