लुधियाना| वेद प्रचार मंडल पंजाब की ओर से भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चंडीगढ़ रोड, लुधियाना में अन्तः विद्यालय वैदिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 30 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में वैदिक संस्कृति के साथ-साथ समसामयिक विषयों पर भी छात्रों ने प्रभावशाली विचार रखे। कार्यक्रम का आयोजन प्रिंसिपल डॉ. उपासना मोदगिल के मार्गदर्शन में व मंडल के प्रांतीय महासचिव रोशन लाल आर्य के सान्निध्य में हुआ। इस समारोह की अध्यक्षता डॉ. विजय लक्ष्मी, प्रिंसिपल डी.डी. जैन कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने की, जबकि सुनीता जैन (निदेशक, श्रमण जैन स्वीट्स) मुख्य अतिथि रहीं। दीप प्रज्वलन मनोज अरोड़ा, आभा सीकरी व संजीव गुप्ता ने किया। मंच संचालन कमलेश गुप्ता ने किया। निर्णायक मंडल में प्रो. उषा अवस्थी, प्रो. वीके भारद्वाज व प्रो. हरसिमरन कौर शामिल रहीं। प्रतियोगिता में आदित्य तिवारी (आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पुरानी सब्जी मंडी) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, गौरी बिनलवाण (चिल्ड्रन वैली पब्लिक स्कूल) द्वितीय और गगनदीप सिंह (दयानंद पब्लिक स्कूल, दीपक सिनेमा रोड) तृतीय स्थान पर रहे। प्रशंसनीय पुरस्कार खुशी (दशमेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल) और साधना सिंह (ऋषि दयानंद स्कूल, जमालपुर कॉलोनी) को मिले। अतिथियों का स्वागत अरुण भारद्वाज, बॉबी मल्होत्रा, राकेश चांदना, मोनिका छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया। रोशन लाल आर्य और डॉ. उपासना मोदगिल ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को सत्यार्थ प्रकाश भेंटकर सम्मानित किया।