300 करोड़ ईडीसी बकाया, गलाडा ने 26 कॉलोनियों की रजिस्ट्रियां रोकीं

लुधियाना। ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी ने करोड़ों रुपये के एक्सटर्नल डेवलपमेंट चार्ज (ईडीसी) बकाया रखने वाली कॉलोनियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने शहर की करीब 26 डिफॉल्टर कॉलोनियों में रजिस्ट्रियों पर रोक लगा दी है। इन कॉलोनाइजरों पर लगभग 300 करोड़ रुपए बकाया बताए जा रहे हैं। गलाडा ने डिप्टी कमिश्नर, सभी एसडीएम, तहसीलदारों और पटवारियों को आधिकारिक पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सूचीबद्ध कॉलोनियों में किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री न की जाए। आदेशों में संबंधित खसरा नंबर भी शामिल किए गए हैं, ताकि किसी भी तहसील में तकनीकी आधार पर रजिस्ट्री संभव न हो सके। जिन इलाकों की कॉलोनियां इस कार्रवाई की जद में आई हैं, उनमें धांधरा रोड, पखोवाल रोड, साउथ सिटी रोड, हंबड़ां रोड, जालंधर बायपास रोड, साहनेवाल रोड, टिब्बा रोड, मेहरबान रोड, फिरोजपुर रोड, महमूदपुरा रोड और आलमगीर रोड प्रमुख हैं। जब तक बकाया राशि जमा नहीं होगी, तब तक संबंधित कॉलोनियों में कोई रजिस्ट्री नहीं की जाएगी। यदि आदेशों के बावजूद किसी तहसील में रजिस्ट्रियां होती पाई गईं, तो विभाग जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *