कोटा शहर के नांता थाना क्षेत्र स्थित पथर मंडी इलाके में देर रात मामूली पैसों का विवाद खूनी वारदात में बदल गया। 300 रुपये को लेकर हुए झगड़े में 40 वर्षीय रमेश बैरवा की हत्या कर दी गई। मृतक रमेश बैरवा अपने साथी परमा के साथ टपरी बनाकर रहता था। दोनों पत्थर काटने की कारीगरी का काम करते थे और लंबे समय से साथ मजदूरी कर रहे थे। मृतक के भांजे मुकेश ने बताया की देर रात दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर परमा ने गुस्से में आकर पत्थर काटने के काम में उपयोग होने वाले लोहे के औजार से रमेश के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्टॉक पर मौजूद अन्य लोगों ने रमेश को तुरंत एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया। नांता थाने के एएसआई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मजदूरी के बाद मिले रुपयों को लेकर विवाद कर बैठे। झगड़ा बढ़ने पर आरोपी परमा ने औजार से हमला कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आज परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


