मौसम रिपोर्टर | बिलासपुर इस सीजन में पहली बार शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच गया है। यह सामान्य से करीब तीन डिग्री ज्यादा है। तापमान बढ़ने से हल्की गर्मी महसूस होने लगी है, लेकिन फिलहाल ज्यादा चिंता की जरूरत नहीं है क्योंकि अगले एक हफ्ते तक मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तापमान अचानक या तेजी से बढ़ने की संभावना नहीं है। शनिवार सुबह हल्की ठंडक रही, लेकिन धूप निकलते ही ठंड लगभग खत्म हो गई और तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा। सुबह 10 बजे तक धूप तेज हो गई थी, जिससे लोगों को गर्मी महसूस होने लगी। दोपहर करीब ढाई बजे तापमान 32 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा रहा। इस सीजन में पहली बार तापमान इतना ज्यादा दर्ज हुआ है। आम तौर पर फरवरी का मौसम जनवरी जैसा ही रहता है, लेकिन इस बार तापमान बढ़ने से ऐसा लग रहा है कि गर्मी जल्दी शुरू हो रही है। पिछले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रायपुर में 32.9 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा पेंड्रारोड में 28.9 डिग्री, अंबिकापुर में 28.4 डिग्री, जगदलपुर में 32.4 डिग्री और दुर्ग में 31.5 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। रात के तापमान की बात करें तो अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में 15.4, बिलासपुर में 16.2, पेंड्रारोड में 14.2, जगदलपुर में 13.6, दुर्ग में 15.6 और राजनांदगांव में 14 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।


