झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने 33 स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक (पीजीटी) और 35 प्रयोगशाला सहायक के पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा शिक्षा विभाग को भेज दी है। आयोग ने बुधवार को दोनों प्रतियोगिता परीक्षाओं में खाली पदों के विरुद्ध अतिरिक्त अभ्यर्थियों का परिणाम जारी किया। पीजीटी नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में गणित में 18, इतिहास में आठ, संस्कृत में दो और अंग्रेजी में 5 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। वहीं, प्रयोगशाला सहायक नियुक्ति परीक्षा-2023 में भौतिकी में 11, रसायन विज्ञान में सात व जीव विज्ञान में 17 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया। तीसरे चरण के परिणाम में इनकी नियुक्ति की अनुशंसा की गई है। आयोग के अनुसार, इन दोनों परीक्षाओं में इन विषयों में खाली रह गए शेष पदों का परिणाम जल्द जारी किया जाएगा।


