35 लाख की जमीन के विवाद में लवकुश शर्मा और कालू लामा गिरोह में हो सकता है गैंगवार

एदलहातू में एक बार फिर लवकुश शर्मा गिरोह और कालू लामा गिरोह के बीच खूनी संघर्ष हो सकता है। इसे लेकर स्पेशल ब्रांच ने रांची पुलिस को सतर्क किया है। रांची पुलिस को स्पेशल ब्रांच ने जानकारी दी है कि कालू लामा गिरोह का प्रमुख सदस्य रोहन श्रीवास्तव का घर एदलहातू में है। जिसे उसके परिजनों ने एदलहातू के जमीन कारोबारी राजू वर्णवाल से 35 लाख रुपए में बेचने को लेकर करार किया था। स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट के अनुसार, राजू वर्णवाल के प्रति लवकुश शर्मा गिरोह सहानुभूति रखता है। यह करार तब हुआ था, जब रोहन श्रीवास्तव जेल में था। अब रोहन श्रीवास्तव जेल से बाहर है। वह राजू वर्णवाल को धमकी दे रहा है कि उक्त घर को भूल जाओ, नहीं तो मारे जाओगे। बताया गया है कि उक्त घर को लेकर दोनों गिरोह में कभी भी गैंगवार की घटना हो सकती है, इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। स्पेशल ब्रांच ने बताया- दोनों गिरोह के कई सदस्य हैं जेल से बाहर स्पेशल ब्रांच ने रांची पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया है कि लवकुश शर्मा गिरोह का लवकुश शर्मा, विपिन शर्मा और कालू लामा गिरोह का रोहन श्रीवास्तव, राज वर्मा, दीपक कुमार सिंह, अंकित कुमार सिंह और अंकुश कुमार सिंह जेल से बाहर है। इन अपराधियों के जेल से बाहर आने के बाद से एदलहातू टीओपी क्षेत्र में कारोबारियों में भय का माहौल व्याप्त है। रांची पुलिस को यह भी कहा गया है कि इन अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की जरूरत है, ताकि क्षेत्र के कारोबारियों और आम लोगों की सुरक्षा हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *