भीलवाड़ा में हरणी महादेव रोड स्थित श्याम विहार कॉलोनी में प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। ज्ञापन के अनुसार, सुंदरम रिसोर्ट के सामने मेन रोड पर 1 अप्रैल से खोली जाने वाली इस शराब दुकान के 100 मीटर के दायरे में 350 से अधिक परिवार निवास करते हैं। इसके अलावा आसपास चार शैक्षणिक संस्थान और चार-पांच धार्मिक स्थल भी स्थित हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हरणी महादेव मार्ग अत्यधिक व्यस्त रहता है, जहां रात्रि में महिलाएं और युवतियां टहलने आती हैं। शराब दुकान खुलने से असामाजिक गतिविधियों की आशंका है। पिछले तीन दिनों से क्षेत्रवासी प्रस्तावित दुकान के सामने भजन-कीर्तन कर विरोध जता रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि एडीएम और आबकारी अधिकारी को ज्ञापन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दुकान का स्थानांतरण नहीं होगा, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


