नर्मदापुरम में पिछले चार दिनों से ट्रैफिक पुलिस का हेलमेट और सीटबेल्ट चेकिंग अभियान जारी है। पुलिस ने बुधवार को देहात थाने के सामने और इटारसी में चेकिंग की। इस दौरान बिना हेलमेट वाले बाइक चालकों और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने बुधवार को कुल 75 वाहनों के खिलाफ चलानी कार्रवाई की। इनमें से 74 वाहनों से 29,400 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान एक शराब पीकर बाइक चलाने वाले को पकड़ा गया। जिसकी बाइक जब्त की गई। पुलिस ने दो नाबालिग बच्चों को बाइक चलाते पकड़ा, जिनके ऊपर 2300-2300 रुपए जुर्माना किया गया। 4 दिन में 812 वाहनों पर चलानी कार्रवाई यातायात पुलिस ने शहर में पिछले 4 दिनों में 490 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। जिसमें 1,59,700 रुपए का जुर्माना वसूला गया है। वहीं, पूरे जिले में 812 वाहनों से 2,80,800 रुपए का जुर्माना वसूला है। यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा ने कहा कि पुलिस की अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। इसमें वाहन मालिक भी दोषी होते हैं।


