4 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार:जनूथर पुलिस ने शादी का झांसा देने वाले को पकड़ा

डीग जिले की जनूथर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब चार लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर दर्ज मुकदमे के बाद की गई। पुलिस के अनुसार, परिवादी सूरज (58) पुत्र करनसिंह, निवासी बडेसरा, थाना जनूथर ने न्यायालय में एक इस्तगासा प्रस्तुत किया था। परिवादी ने बताया कि अगस्त 2025 में आरोपी कल्लू पुत्र मूलचंद, निवासी नाहरौली, उसके पास आया और उसके दो बेटों पृथ्वीराज व अनूपसिंह की शादी अपनी बहन की दो बेटियों से कराने का झांसा दिया। आरोपी ने दावा किया कि दोनों युवतियां सरकारी नौकरी में हैं, जिनमें से एक सेकंड ग्रेड शिक्षिका और दूसरी नर्स है। चूंकि परिवादी और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे, इसलिए परिवादी उसकी बातों में आ गया। 1 सितंबर 2025 को आरोपी कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ परिवादी के घर आया और दोनों बेटों की सगाई कर दी। इसके बाद, आरोपी ने शादी के खर्च का हवाला देते हुए समय-समय पर परिवादी से लगभग 4 लाख रुपये ले लिए। 25 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने शादी की तारीख 18 नवंबर 2025 तय बताई और पीली चिट्ठी दी। इस दौरान उसने घोड़ी, बाजा, हलवाई आदि खर्चों के नाम पर 10 हजार रुपये और लिए। बाद में संदेह होने पर परिवादी ने बताए गए पते पर जाकर जांच की, जहां पता चला कि बताए गए नाम और गांव में ऐसी कोई लड़कियां मौजूद नहीं हैं। जब परिवादी ने आरोपी से पूछताछ की, तो आरोपी ने 10 नवंबर 2025 को स्वीकार किया कि उसने धोखे से पैसे हड़प लिए हैं। इसके बाद थाना जनूथर में मुकदमा संख्या 177/2025 धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। मामले की जांच हेड कांस्टेबल बलराम सिंह द्वारा की गई। अनुसंधान के बाद, पुलिस ने आरोपी कल्लू पुत्र मूलचंद (उम्र 50 वर्ष) निवासी नाहरौली, थाना जनूथर, जिला डीग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *