नागौर जिले की सदर थाना पुलिस ने चार साल पुराने जानलेवा हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मनोज कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम ने उसे बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र से दस्तयाब कर हिरासत में लिया। 2022 में की थी अंधाधुंध फायरिंग घटना 27 फरवरी 2022 की है। परिवादी श्यामलाल और उसका साथी जगदीश बाइक पर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने अपनी गाड़ी से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में सदर थाना नागौर में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पहले 5 आरोपी पकड़े जा चुके, मुख्य आरोपी था फरार इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। हालांकि मुख्य आरोपियों में शामिल मनोज कुमार वारदात के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। ASP आशाराम चौधरी और DSP धरम पुनियां के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश कस्वां के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद उसे बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र की बुदरों की ढाणियां से गिरफ्तार कर लिया गया।


