अलवर| प्राइवेट और लोक परिवहन बस ऑपरेटर्स की हड़ताल समाप्त होने के तीन दिन बाद शुक्रवार से जिले में सभी मार्गों पर बसों का संचालन फिर शुरू हो गया। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। प्राइवेट बस ऑपरेटर्स यूनियन के अध्यक्ष मुरारीलाल शर्मा ने बताया कि गुरुवार देर रात जयपुर में यूनियन के प्रदेश पदाधिकारियों की जयपुर कलेक्टर जितेंद्र सोनी और परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा के साथ वार्ता हुई। सहमति बनने के बाद हड़ताल वापस ले ली गई। शुक्रवार से करीब 450 लोक परिवहन व प्राइवेट बसें सड़कों पर उतर गईं। हड़ताल के कारण भरतपुर, भिवाड़ी और जयपुर रूट की 50 लोक परिवहन बसें तथा राजगढ़, लक्ष्मणगढ़ और खैरथल मार्ग की 100 प्राइवेट बसें बंद थीं। ऑपरेटर्स ने आरसी सस्पेंड कार्रवाई रोकने, लगेज कैरियर की अनुमति और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 153 के तहत भारी जुर्माने पर रोक की मांग उठाई थी।


