अजमेर की हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के ज्ञान विहार में 21 दिसंबर को युवक से 46 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी राहुल गुर्जर को अजमेर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया। वारदात 21 दिसंबर को हुई थी जिसकी रिपोर्ट पीड़ित शक्तिनगर, सुभाष नगर निवासी हरसिमरन सिंह सोढ़ी ने 2 जनवरी को दर्ज कराई थी। सोढ़ी ने बताया था कि बदमाशों की धमकी के कारण वह 11 दिन तक रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें चार बदमाश सोढ़ी की कार में तोड़फोड़ कर डिक्की में रखा बैग निकालते दिखे थे। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार थे। यह भी चर्चा थी कि आरोपी लूट की रकम लेकर नेपाल भाग गए हैं। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात में शामिल राहुल गुर्जर के केंद्रीय बस स्टैंड पर मौजूद होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। सीआई महावीर शर्मा ने बताया कि आरोपी से लूट की रकम और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। यह खबर भी पढ़ें….. बदमाशों ने युवक से 46 लाख लूटे; VIDEO:कार के शीशे तोड़कर डिक्की से निकाले रुपए; पीछा किया तो टक्कर मारने की कोशिश की अजमेर में बदमाशों ने युवक से 46 लाख रुपए लूट लिए। युवक ने अपने दोस्त के घर के पास कार रोकी, तभी पीछे से एक बोलेरो कैंपर आई। गाड़ी से 3 बदमाश डंडे लेकर उतरे, उनका मुंह ढका हुआ था। बदमाशों ने कार के कांच तोड़ दिए और डिक्की में रखे 46 लाख रुपए लूटकर पुष्कर की तरफ भाग गए। (पढ़ें पूरी खबर)


