48 घंटे में 330 KM दौड़कर गाेवर्धन परिक्रमा करेगा फौजी:शिवपुरी के बलैहरा गांव से शुरू की; संजीव ने सेना में भर्ती होने के पहले लिया था संकल्प

शिवपुरी जिले के कोलारस तहसील अंतर्गत बलैहरा गांव का भारतीय सेना का जवान संजीव यादव उर्फ बंटी आस्था और संकल्प की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। संजीव ने गोवर्धन गिर्राज जी की परिक्रमा के लिए अपने गांव से 330 किलोमीटर लंबी दौड़ शुरू की है, जिसे वह मात्र 48 घंटे में पूरा करने का लक्ष्य लेकर निकले हैं। संजीव यादव ने यह मन्नत सेना में भर्ती की तैयारी के दौरान मांगी थी। उन्होंने संकल्प लिया था कि यदि उनका चयन भारतीय सेना में हो जाता है, तो वह बलैहरा गांव से दौड़ते हुए गोवर्धन गिर्राज जी की परिक्रमा करेंगे। वर्ष 2020 में उनका चयन भारतीय सेना में हुआ और उन्हें जम्मू के उधमपुर में पोस्टिंग मिली। ड्यूटी और एलओसी तैनाती के कारण टली मन्नत
सैन्य जिम्मेदारियों के चलते संजीव अब तक अपनी मन्नत पूरी नहीं कर सके। इस दौरान वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत-पाक तनाव के समय नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भी तैनात रहे। लंबे समय तक देश सेवा में लगे रहने के बाद अब उन्होंने अपनी धार्मिक मन्नत पूरी करने का निर्णय लिया है। 10 जनवरी को गांव पहुंचे, शुक्रवार से दौड़ शुरू
संजीव 10 जनवरी को छुट्टी लेकर शिवपुरी के अपने गांव बलैहरा पहुंचे थे। शुक्रवार को उन्होंने गोवर्धन गिर्राज जी के लिए दौड़ यात्रा शुरू की। रवाना होने से पहले गांव में भावुक माहौल देखने को मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें माला पहनाकर विदा किया। इस मौके पर उनकी पत्नी और दो बच्चे भी मौजूद रहे। बलैहरा से गोवर्धन गिर्राज तक की दूरी करीब 330 किलोमीटर है। संजीव का दावा है कि वे यह यात्रा लगातार दौड़ते हुए लगभग 48 घंटे में पूरी करेंगे। उनकी सुरक्षा और आपात स्थिति में सहायता के लिए उनके मित्र एक वाहन से उनके साथ चल रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *