भीलवाड़ा शहर में प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलिथीन के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। इसी के तहत आज शनिवार को नगर निगम की टीम ने एक ऑटो से बड़ी मात्रा में सिंगल यूज पॉलिथीन जप्त की है। नगर निगम ने इस व्यापारी पर 11 हज़ार का जुर्माना भी लगाया है। निगम के स्वास्थ निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि अभियान के तहत शनिवार को गर्ल्स कॉलेज के नजदीक एक सवारी ऑटो को रुकवाया गया, तलाशी लेने पर इसमें 11 प्लास्टिक के कट्टे भरे मिले। इनमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलिथीन पाई गई। इसका वजन करवाने पर यह 480 किलो पाया गया। ऑटो ड्राइवर से पूछताछ करने पर उसने बताया कि यह पॉलिथीन वो ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर आया है और उसे सेवा सदन रोड पर नागौरी प्लास्टिक पर इसे खाली करना था। टीम ने फर्म संचालक को बुलाकर उस पर 11 हजार का जुर्माना लगाया और सिंगल यूज पॉलिथीन को जप्त किया। नगर निगम की सूचना पर प्रदूषण मंडल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की है। निगम की इस कार्रवाई के बाद प्लास्टिक व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई व्यापारियों ने शटर लगाकर दुकान कुछ समय के लिए बंद भी कर दी।


