अलीगढ़ के सराय रहमान में शिव मंदिर मिलने के बाद अब यहां पर पूजा अर्चना भी शुरू कर दी गई है। बुधवार सुबह यहां हिंदू संगठन पहुंचे थे और मंदिर की सफाई कराई थी। जिसके बाद यहां पर शिव लिंग मिला था और पुलिस की मौजूदगी में यहां साफ-सफाई की गई थी। मंदिर की साफ-सफाई होने के बाद शाम को ही अचल ताल के महंत योगी कौशलनाथ, बजरंग बल के संयोजक गौरव शर्मा समेत विभिन्न हिंदू संगठन मौके पर पहुंच गए। सभी ने मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधि विधान से आरती की, इसके बाद मंदिर में हनुमान चलीसा का पाठ किया गया। इसमें आसपास के लोग भी शामिल हुए। सराय रहमान में मिला था मंदिर अलीगढ़ के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र सराय रहमान में बुधवार को एक 49 साल पुराना शिव मंदिर मिला था। मंदिर मिलने के बाद इसे खोलने की मांग की गई थी। पूर्व मेयर शकुंतला भारती समेत विभिन्न हिंदू संगठन मौके पर पहुंच गए थे। करणी सेना ने प्रशासन को मंदिर के संबंध में ज्ञापन भी दिया था। मंदिर की जानकारी होने पर बन्नादेवी थाना प्रभारी पंकज मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे और मंदिर की साफ-सफाई कराई थी। इसके साथ ही लोगों को उन्होंने मंदिर की सुरक्षा का भी आश्वासन दिया था। लोगों का कहना है कि मंदिर की कई मूर्तियां गायब हैं, जिसके बाद उन्हें इसकी जांच का भी आश्वासन मिला है। मंदिर की चीजों पर कब्जे की हो जांच अचलताल के महंत योगी कौशलनाथ भी बुधवार शाम को मंदिर पहुंचे और यहां पर विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। फिर उन्होंने बताया कि अब मंदिर में नियमित रूप से पूजा पाठ कराया जाएगा और इसकी देखरेख भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर की कई मूर्तियां गायब हैं। सफाई करने पर मंदिर में सिर्फ शिवलिंग ही मिला है। जबकि बजरंग बली की मूर्ति खंडित होने के अवशेष मंदिर में मौजूद हैं। इसके साथ नंदी महाराज और शिव परिवार की मूर्तियां भी गायब हैं। उन्होंने बताया कि प्राचीन काल में हर मंदिर के पास कुंआ होता था, इस मंदिर का कुंआ भी निश्चित होगा। इस पर लोगों ने कब्जा किया है। इसकी जांच की जानी चाहिए। मंदिर का कराया जाएगा जीर्णोद्धार हिंदू संगठनों ने बताया कि दशकों से मंदिर का अस्तित्व ही छिपा दिया गया था। न तो यहां पूजा हो रही थी और न ही कोई इसकी देखरेख भी करने वाला था। इस कारण मंदिर काफी क्षतिग्रस्त स्थिति में आ गया है। अब इस मंदिर का दुबारा से जीर्णोद्धार कराया जाएगा। सभी हिंदू संगठन इसकी देखरेख करते हुए मंदिर के रंग रोगन और मरम्मत के काम को पूरा कराएंगे। जिससे कि आसपास के लोग यहां आकर पूजा का सकें।


