कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके में देर रात एक 37 साल के युवक की पांच मंजिला बिल्डिंग की छत से गिरने से मौत हो गई। मृतक का नाम निखिलेश मेघवाल उर्फ नरेश कुमार था, जो कंसुआ अफॉर्डेबल योजना इलाके का निवासी था। नरेश देर रात अपने एक दोस्त के साथ शराब की पार्टी कर रहा था। दोस्त कंसुआ की अफॉर्डेबल मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल की छत पर मौजूद थे। अचानक नरेश का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। परिजनों और दोस्तों ने तुरंत उसे गंभीर हालत में एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को मोर्च्युरी में रखवाया गया है। उद्योग नगर थाने के एएसआई महेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच से सामने आया है कि नरेश अपने फ्लैट से खाना और रजाई-गद्दे लेने नीचे जा रहा था, तभी उसका बैलेंस बिगड़ा और वह ऊपर से गिर गया। पुलिस ने परिवार की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाया और शव सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल में जुटी हुई हैं।


