शाहकोट | पुलिस ने 5 तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 265 ग्राम हेरोइन, एक पिस्टल और 5 जिंदा गोलियां बरामद कीं। डीएसपी सुखपाल सिंह ने बताया कि मलसियां पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई जगतार सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ नाकाबंदी के दौरान सुरिंदरपाल सिंह उर्फ शिंदा निवासी गांव पूनियां (शाहकोट), रविंदर उदय निवासी गांव हेरा थाना सदर नकोदर, गुरप्रीत सिंह निवासी गांव बिटला थाना मेहतपुर को नर्सिंग कॉलेज मलसियां के सामने से एक यामाहा मोटरसाइकिल नंबर पीबी08-ईपी-2787 पर काबू किया और उनकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर सुरिंदरपाल सिंह उर्फ शिंदा के पास से एक पिस्तौल 45 बोर, 5 जिंदा गोलियां और 22 ग्राम हेरोइन, रविंदर उदय के पास से 21 ग्राम हेरोइन, गुरप्रीत सिंह के पास से 19 ग्राम हेरोइन (कुल 62 ग्राम हेरोइन) बरामद हुई। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इसी तरह थाना शाहकोट के एएसआई सरवन सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ गश्त के दौरान गांव थम्मूवाल से एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार नंबर पीबी33-ई-3651 में अगली सीट पर बैठे ड्राइवर बलजीत सिंह उर्फ बलजीता सिंह निवासी बिटला थाना मेहतपुर और लवप्रीत सिंह उर्फ समर निवासी जोधे थाना सदर जलालाबाद (फाजिल्का) को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर बलजीत सिंह उर्फ बलजीता से 102 ग्राम हेरोइन और लवप्रीत सिंह उर्फ समर से 101 ग्राम हेरोइन (कुल 203 ग्राम हेरोइन) बरामद हुई। उनके खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।


