कोरोना काल से बंद पड़ी बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का शनिवार 31 जनवरी को फिर से संचालन शुरू हो गया। ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों में खुशी की लहर देखने को मिली, हालांकि पहले ही दिन ट्रेन देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। गाड़ी संख्या 54356 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर अपने निर्धारित समय से करीब तीन घंटे की देरी से खेड़ली रेलवे स्टेशन पहुंची। रेलवे शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन को सुबह 8:19 बजे खेड़ली पहुंचना था, लेकिन यह करीब सुबह 11 बजे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के संचालन से यात्रियों में उत्साह ट्रेन के फिर से संचालन को लेकर सुबह से ही खेड़ली स्टेशन पर यात्रियों में उत्साह नजर आया। नौकरीपेशा, विद्यार्थी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्री ट्रेन का इंतजार करते दिखे, लेकिन निर्धारित समय पर ट्रेन न आने से प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा। पांच साल बाद फिर से शुरू हुई ये ट्रेन यह पैसेंजर ट्रेन मार्च 2020 में कोरोना काल के दौरान बंद कर दी गई थी। इसके बंद रहने से भरतपुर, हेलक, पपरेरा, नदबई, खेड़ली, मंडावर और बांदीकुई जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब ट्रेन के पुनः संचालन से स्थानीय लोगों और यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। तीन साल से की जा रही थी ट्रेन चलाने की मांग एनसीआर रेल यात्री समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधि पिछले तीन वर्षों से इस ट्रेन के संचालन की मांग रेलवे मंडल और डीआरएम से कर रहे थे। मांग को स्वीकार करते हुए रेलवे ने अब इस ट्रेन के पुनः संचालन को मंजूरी दी है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।


